Ranchi : विद्यार्थियों में सामाजिक, डिजिटल और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करने और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से रांची पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया है. इसी दौरान सोमवार को रांची के डीपीएस में रांची पुलिस द्वारा एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से नशामुक्ति, साइबर अपराध से बचाव और यातायात सुरक्षा जैसे बेहद महत्वपूर्ण विषयों पर छात्रों का मार्गदर्शन किया गया. इस मौके पर सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, समेत रांची पुलिस के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे.
युवाओं को दी गई स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह
कार्यक्रम के दौरान सिटी एसपी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशीले पदार्थों के गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने छात्रों को सचेत करते हुए कहा कि नशा किसी भी व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को पूरी तरह से बर्बाद कर देता है. युवाओं को इन बुरी आदतों से हमेशा दूर रहना चाहिए. उन्होंने छात्रों से एक स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की ताकि वे देश के विकास में अपना योगदान दे सकें.
यातायात सुरक्षा के लिए जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक एसपी ने छात्रों को ट्रैफिक नियमों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए निम्नलिखित मुख्य बातों पर जोर दिया. वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें, सड़कों पर ट्रैफिक सिग्नल्स का हमेशा पालन करें. एक सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक के रूप में खुद भी नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.
साइबर सुरक्षा के लिए डिजिटल दुनिया में सावधानी है जरूरी
आज के डिजिटल युग में बढ़ते साइबर फ्रॉड से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए डीएसपी साइबर ने कमान संभाली. उन्होंने छात्रों को साइबर अपराधों के विभिन्न रूपों और ऑनलाइन ठगी से बचने के बेहतरीन टिप्स दिए. सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दूरी और अपनी प्राइवेसी का ध्यान में रखने की सलाह दी गई. किसी भी संदिग्ध या फर्जी लिंक पर क्लिक न करने और लॉटरी या फर्जी कॉल या मैसेज के झांसे में न आने की बात कही गई. छात्रों को सख्त हिदायत दी गई कि वे कभी भी अपना वन टाइम पासवर्ड और बैंकिंग से जुड़ी कोई भी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें.
ALSO READ : राज्यसभा चुनाव: सीएम आवास में ‘मॉक पोल’ से सजेगी इंडिया गठबंधन की बिसात, भाजपा बोली- ये कैसी बेचैनी



