गिरिडीह: जिले में बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है.बेंगाबाद थाना क्षेत्र में की गई एक संयुक्त छापेमारी के दौरान नक्सली गतिविधियों में संलिप्त दो सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को बिहार पुलिस अपने साथ ले गई है.गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की पहचान पंकज यादव और पवन सिंह के रूप में हुई है.

जाने कैसे हुई गिरफ्तारी?
पटना एसटीएफ को सूचना मिली थी कि जमुई जिले में वांछित दो नक्सली गिरिडीह के बेंगाबाद इलाके में छिपे हुए हैं. इसके बाद पटना एसटीएफ की टीम इंस्पेक्टर अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में गिरिडीह पहुंची और एसपी डॉ. बिमल कुमार से संपर्क किया.एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव की निगरानी में बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम बनाई गई. टीम ने बेंगाबाद के गोलगो पंचायत अंतर्गत मंझलाटोल गांव में घेराबंदी की, जहां दोनों आरोपियों ने शरण ले रखी थी.पुलिस की मुस्तैदी के कारण दोनों को भागने का मौका नहीं मिला और उन्हें दबोच लिया गया.
लखन यादव पर हमले का है आरोप
गिरफ्तार दोनों नक्सली भाकपा माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं. इनके खिलाफ बिहार के जमुई जिले के चरकापत्थर थाना में कांड संख्या 143/25 दर्ज है. ये दोनों आरोपी चरकापत्थर क्षेत्र में जेल से बेल पर बाहर आए नक्सली लखन यादव को गोली मारकर फरार हो गए थे. तब से ही बिहार पुलिस और एसटीएफ इनकी तलाश कर रही थी.

