Jamtara: जामताड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपायडीह पंचायत के गोविंदपुर स्थित साहिबगंज हाइवे किनारे मेलाडांगा मैदान के पास सोमवार शाम उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब ग्रामीणों ने एक शादीशुदा महिला और युवक को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया. घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए और दोनों को घेरकर बंधक बना लिया. जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 5:30 बजे धरमपुर की रहने वाली एक महिला एवं नारायणपुर थाना क्षेत्र के मदनाडीह निवासी एक युवक को ग्रामीणों ने डंगाल में आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया. देखते ही देखते आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों को पकड़कर वहीं रोक लिया. घटना की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई, जिससे मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
यह भी पढ़ें: बोकारो थर्मल वैष्णो मंदिर ट्रस्ट विवाद गहराया, समानांतर कमेटी गठन को लेकर की गई बैठक
दोनों को छुड़ाने में पुलिस को बहाना पड़ा पसीना
बताया जा रहा है कि महिला तीन बच्चों की मां है, जबकि युवक भी शादीशुदा है. घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया. सूचना मिलने पर पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र ग्रामीण दोनों को पुलिस के हवाले करने के लिए तैयार नहीं थे. स्थिति बिगड़ती देख प्रभारी थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला और पूछताछ के लिए जामताड़ा थाना ले आई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है.
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: समर्थन जुटाने पटना पहुंचे कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा, तेजस्वी यादव से की मुलाकात



