Click Here
Click Here
Click Here

जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से नाराज ग्रामीणों ने खुद उठाया जिम्मा, चंदा जुटाकर शुरू कराया पुलिया निर्माण

Palamu: नेताओं के वादों और प्रशासनिक उदासीनता से परेशान ग्रामीणों ने आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है. पलामू जिले के पड़वा थाना...

Palamu: नेताओं के वादों और प्रशासनिक उदासीनता से परेशान ग्रामीणों ने आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है. पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र स्थित भुसरा गांव के कुटी टोला के लोगों ने वर्षों से लंबित पुलिया निर्माण की मांग पूरी नहीं होने पर खुद चंदा जुटाकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया है. यह पुलिया कुटी टोला से मानहर मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले रास्ते पर रामसागर आहार और श्मशान घाट के समीप बनाई जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 20 वर्षों से इस पुलिया की मांग की जा रही थी, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला.

बरसात में कट जाता था गांव का संपर्क

ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया नहीं होने के कारण करीब 50 से 60 घरों की आबादी को वर्षों से आवागमन की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है. लगभग छह महीने तक गांव का संपर्क मुख्य सड़क से कट जाता है और पूरा इलाका टापू जैसा बन जाता है. इस दौरान एंबुलेंस समेत अन्य जरूरी सेवाएं गांव तक नहीं पहुंच पातीं. बीमार लोगों को खाट पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही समस्याओं को भूल जाते हैं. इसी वजह से लोगों ने खुद पहल कर समाधान निकालने का फैसला किया.

WhatsApp Image 2026-06-13 at 2.57.59 PM (1)

मंत्री और जनप्रतिनिधियों से लगाई थी गुहार

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए कई बार झारखंड सरकार के वित्त मंत्री सह स्थानीय विधायक राधाकृष्ण किशोर समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आवेदन दिया गया. उन्हें मौके पर बुलाकर स्थिति से अवगत भी कराया गया, लेकिन वर्षों बाद भी कोई ठोस पहल नहीं हुई. जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से निराश ग्रामीणों ने बैठक कर आपस में चंदा जुटाने का निर्णय लिया. इसके बाद पुलिया निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया. निर्माण कार्य में ग्रामीण आर्थिक सहयोग के साथ-साथ श्रमदान भी कर रहे हैं.

इस अभियान में रंजीत कुमार मेहता, जितेंद्र कुमार, बुधराम मेहता, सुजीत कुमार, संजय महतो, देवंत मेहता, रंजन शर्मा, बृजदेव शर्मा, आलोक मेहता, वीरू, अनुज, अरुण पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं. ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिया बनने के बाद वर्षभर आवागमन सुगम होगा और दशकों पुरानी समस्या से लोगों को राहत मिलेगी.

ALSO READ: चोरी की जांच करने गई पुलिस टीम के साथ महिलाओं ने की हाथापाई

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *