Newswave Desk: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला एशिया कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पर सवाल उठे थे, लेकिन एशिया कप में टीम की कमान एक बार फिर हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी. वहीं, स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है. एशिया कप के लिए चुनी गई टीम में ज्यादातर वही खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेला था. शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष और भारती फुलमाली जैसी खिलाड़ियों ने अपनी जगह बरकरार रखी है. हालांकि, ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल को टखने की चोट के कारण टीम में शामिल नहीं किया गया है.

आधिकारिक ऐलान बाकी
महिला एशिया कप 2026 (Women’s Asia Cup 2026) के कार्यक्रम का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है. माना जा रहा है कि टूर्नामेंट अगस्त के आखिरी सप्ताह में शुरू होकर सितंबर के मध्य तक खेला जाएगा. इसके तुरंत बाद एशियन गेम्स होंगे, जहां भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुकाबले 17 से 22 सितंबर के बीच खेले जाएंगे. महिला एशिया कप के इतिहास में अब तक 9 संस्करण खेले गए हैं. इनमें भारतीय टीम ने 7 बार खिताब अपने नाम किया है. खास बात यह है कि भारत सभी 9 बार फाइनल में पहुंचा है. ऐसे में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया एक बार फिर खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी.
महिला एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह, एन श्री चरणी और नंदनी शर्मा.

ALSO READ: सिमडेगा : हाथी प्रभावित क्षेत्रों का विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने किया निरीक्षण
