पलामू : धर्मेंद्र हत्याकांड के सभी आरोपियों की गिरफ्तार करने और परिजन को 50 लाख मुआवजे की मांग

palamu : ​झारखंड क्रांति मंच के केंद्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु और पलामू जिलाध्यक्ष धीरज चंद्रवंशी ने छतरपुर प्रखंड के देवगन निवासी...

palamu : ​झारखंड क्रांति मंच के केंद्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु और पलामू जिलाध्यक्ष धीरज चंद्रवंशी ने छतरपुर प्रखंड के देवगन निवासी धर्मेंद्र राम की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की है. 31 जुलाई की रात को हत्या कर अपराध को अंजाम दिया गया और शव को देवगन डैम पर फेंक दिया गया. झारखंड क्रांति मंच ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जिला प्रशासन से मांग की है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए. इसके साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा, तीनों बच्चों को मुफ्त शिक्षा, पत्नी को पेंशन व आवास और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए.

पुलिस की नाकामी

​पलामू में पुलिस की नाकामी के कारण अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है. इसके अलावा मेदिनीनगर स्थित MMCH अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है. सुबह 6:00 बजे शव पहुंचने के बावजूद पोस्टमार्टम में करीब 6 घंटे का समय लगा. पोस्टमार्टम में सहायता करने वाले कर्मचारियों द्वारा पैसों की मांग की गई, जिससे दुखी परिजन और परेशान हुए. मंच ने उपायुक्त से इस समस्या का तुरंत समाधान निकालने की मांग की है.

​घर के इकलौते कमाने वाले धर्मेंद्र राम की हत्या

​घर के इकलौते कमाने वाले 35 वर्षीय धर्मेंद्र राम की हत्या से उनकी पत्नी और तीन बच्चों के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है. घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी छतरपुर पुलिस ने केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और मामले का पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है.

​झारखंड क्रांति मंच के अध्यक्ष ने दी चेतावनी 

झारखंड क्रांति मंच के अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. इस अवसर पर हीरामन राम, मुखिया पति श्रवण राम, रामावतार राम और ललन प्रजापति सहित कई लोग उपस्थित थे. ​झारखंड क्रांति मंच ने कहा कि कल यानि 4 अगस्त 2026 को सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में छतरपुर के SDO, DSP, थाना प्रभारी और BDO/CO को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेगा. इसके साथ ही छतरपुर नगर पंचायत स्थित आंबेडकर पार्क की जमीन हड़पने के विरोध में भी अधिकारियों को अलग से ज्ञापन दिया जाएगा.

Also Read : सिमडेगा: मुख्यमंत्री गंभीर चिकित्सा योजना के तहत तीन मरीजों को मिली एक लाख रुपये की सहायता राशि

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *