Ramgarh : जिले के भदानी नगर OP क्षेत्र में फोरलेन के समीप खेत से दो युवकों के शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना भदानी नगर के बनगड़ा स्थित फोरलेन सड़क किनारे की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. मृतकों की पहचान सौंदा डी निवासी अमरजीत भुइयां और सोनू कुमार के रूप में हुई है. दोनों के शव खेत में संदिग्ध अवस्था में मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह सड़क दुर्घटना का मामला होता तो घटनास्थल के आसपास बाइक भी बरामद होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक वाहन का कोई पता नहीं चल पाया है. इसी कारण कई लोग हत्या की आशंका भी जता रहे हैं.

