Ranchi: भारत में UPI के जरिए होने वाले डिजिटल भुगतान ने जुलाई 2026 में नया रिकॉर्ड बना दिया है. नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के अनुसार, जुलाई में 23.66 अरब बार UPI से भुगतान किया गया. इन सभी लेनदेन की कुल रकम 29.88 लाख करोड़ रुपये रही.

लोगों में लगी UPI ट्रांजैक्शन की लत
इससे पहले सबसे ज्यादा UPI ट्रांजैक्शन मई 2026 में हुए थे. मई में 23.2 अरब और जून में 22.72 अरब ट्रांजैक्शन हुए थे. जुलाई में यह संख्या बढ़कर 23.66 अरब पहुंच गई. पिछले साल जुलाई 2025 में UPI से 25.08 लाख करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ था. इस बार यह बढ़कर 29.88 लाख करोड़ रुपये हो गया. इससे साफ है कि लोग पहले से ज्यादा UPI का इस्तेमाल कर रहे हैं.
UPI आज करोड़ों लोगों की पहली पसंद बन चुका हैं
PayNearby के एमडी और सीईओ आनंद कुमार बजाज ने कहा कि UPI आज करोड़ों लोगों की पहली पसंद बन चुका है. छोटी खरीदारी से लेकर बड़े भुगतान तक लोग आसानी से UPI का उपयोग कर रहे हैं.
भारत का UPI अब विदेशों में भी तेजी से फैल रहा
भारत का UPI अब विदेशों में भी तेजी से फैल रहा है. यह यूएई, सिंगापुर, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, फ्रांस, मॉरीशस और कतर समेत करीब 10 देशों में शुरू हो चुका है. इससे विदेशों में रहने वाले भारतीयों और यात्रियों को भी आसानी से डिजिटल भुगतान करने की सुविधा मिल रही है.

