Giridih : बालमुकुंद स्पंज आयरन फैक्ट्री के द्वारा उसरी नदी के गंगापुर क्षेत्र से पाइपलाइन के माध्यम से पानी लाने और फैक्ट्री से फैल रहे कथित प्रदूषण के विरोध में पूर्वांचल क्षेत्र में जनआंदोलन तेज हो गया है. इसी कड़ी में रविवार को गंगापुर उसरी फॉल मोड़ से शहर की ओर डांडीडीह, वनांचल कॉलेज, हरसिंग रायडीह सहित विभिन्न क्षेत्रों तक विशाल मानव श्रृंखला बनाया गया. आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि उसरी नदी क्षेत्र के हजारों लोगों की जीवनरेखा है. उनका आरोप है कि फैक्ट्री के लिए नदी का पानी उठाए जाने और प्रदूषण फैलने से पर्यावरण, जल स्रोत और आम लोगों के स्वास्थय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. इसे लेकर पिछले कई दिनों से पूर्वांचल क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है.

सामाजिक संगठन और आम जनता हुए शामिल
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में मानव श्रृंखला में शामिल होने की अपील की है. लोगों से अपने संसाधनों से निर्धारित स्थल पर समय पर पहुंचने और एक-दूसरे का हाथ थामकर पर्यावरण संरक्षण, उसरी नदी बचाने और जनहित के इस अभियान को लेकर विशाल मानव श्रृंखला बनाकर विरोध दर्ज किया.

