Palamu: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आगामी चुनावों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में नौडीहा बाजार प्रखंड में पार्टी के मुख्य कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष उदय कुमार पासवान ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय समिति सदस्य सह जिला प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा उपस्थित रहे. बैठक में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष चर्चा की गई.
हर कार्यकर्ता खुद को बीएलए समझे
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में गरीब, मजदूर और किसानों के नाम मतदाता सूची से कट जाते हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ऐसे लोगों की मदद करें और उनका नाम दोबारा जुड़वाने की प्रक्रिया में सहयोग करें. उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता खुद को बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) समझकर काम करे और सुनिश्चित करे कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे.
बूथ कमेटियों को मजबूत करने पर जोर
बैठक में कार्यकर्ताओं को बूथ कमेटियों को मजबूत और सक्रिय बनाने का निर्देश दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है. बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाता सूची से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाएं और समय पर संबंधित बीएलए तक पहुंचाएं.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में सिद्धेश्वर राम, बबन उरांव, सुरेश राम, प्रमोद उरांव, मनोज कुमार, संदीप उरांव, संतोष उरांव, आमिर हेमजा, तनवीर आलम, शिवनाथ उरांव, संजय प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे. संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.
ALSO READ : PFI के सक्रिय सदस्य रहे हंजला शेख न्यायिक हिरासत में, कोर्ट ने सुनाई थी सजा



