-
रेलवे जंक्शन का दर्जा और धर्मजयगढ़ तक 292 किमी नई रेल लाइन की स्वीकृति पर जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने दी बधाई
Lohardaga: लोहरदगा रेलवे स्टेशन को जंक्शन का दर्जा प्रदान किए जाने तथा लोहरदगा-गुमला-जशपुर होते हुए छत्तीसगढ़ के धर्मजयगढ़ तक 292 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन के विस्तार को स्वीकृति मिलने पर भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है. इसे क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया. भाजपा जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वर्षों पुरानी मांग को पूरा कर लोहरदगा सहित पूरे क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात दी है. उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी. उन्होंने बताया कि दशकों से लोहरदगा से गुमला होते हुए छत्तीसगढ़ तक बड़ी रेल लाइन की मांग उठती रही थी. इस दिशा में पूर्व सांसद सुदर्शन भगत, राज्यसभा सांसद समीर उरांव, भाजपा कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों तथा पत्रकारों ने समय-समय पर केंद्र सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया.
यह भी पढ़ें: गुमला: फुटबॉल मैच देखने निकला था युवक, 9 महीने बाद मिला नरकंकाल; दोस्तों ने ही हत्या कर कुएं में फेंका था शव
लोहरदगा रेलवे स्टेशन को जंक्शन का मिला दर्जा
अजय कुमार पंकज ने कहा कि रेलवे किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास का आधार होता है. लोहरदगा रेलवे स्टेशन को जंक्शन का दर्जा मिलने और नई रेल परियोजना को मंजूरी मिलने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से और मजबूती से जुड़ेगा. भाजपा जिला अध्यक्ष ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री तथा केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया. साथ ही लोहरदगा, गुमला, जशपुर और आसपास के क्षेत्रों की जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और खुशी का विषय है.
यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस के सिपाहियों के लिए HC से बड़ी राहत, सरकार की अपील ख़ारिज, मिलेगा ACP/MACP का लाभ



