Bokaro: राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के तहत आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर समाहरणालय स्थित सभागार में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सिविल सर्जन, नोडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे. बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के अवसर पर जिले के सभी 2,005 बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी. इस वर्ष अभियान के तहत 3,53,072 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है.
बूथ दिवस पर 95 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश
उप विकास आयुक्त ने कहा कि अभियान की सफलता का आधार बूथ दिवस होता है. इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी यह सुनिश्चित करें कि बूथ दिवस पर ही कम-से-कम 95 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाए. उन्होंने कहा कि तैयार किए गए एक्शन प्लान का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा इसकी नियमित समीक्षा और निगरानी की जाए. उन्होंने सिविल सर्जन को अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकतानुसार त्वरित निर्णय लेने का निर्देश दिया.
विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से चलेगा जागरूकता अभियान
उप विकास आयुक्त ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है. इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए. उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यालयों में बच्चों के माध्यम से अभिभावकों तक संदेश पहुंचाने तथा पल्स पोलियो दिवस की जानकारी साझा करने का निर्देश दिया. साथ ही, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं को अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में घर-घर संपर्क स्थापित कर लोगों को जागरूक करने और अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया. बैठक में सिविल सर्जन डॉ. ए.बी. प्रसाद ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पोलियो वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखना प्राथमिकता होगी. इसके लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में आइस पैक एवं कोल्ड चेन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित रहे.
20 जून तक प्रशिक्षण और 18 जून तक माइक्रो प्लान तैयार करने का निर्देश
सिविल सर्जन ने सभी प्रखंड चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान से जुड़े सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 जून तक पूर्ण कर लिए जाएं. साथ ही, प्रत्येक प्रखंड से माइक्रो प्लान तथा मैनपावर आइडेंटिफिकेशन संबंधी प्रतिवेदन 18 जून तक जिला स्तर पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि अभियान संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो. बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 जून से जिलेभर में सूचना, शिक्षा एवं संचार तथा इंटरपर्सनल कम्युनिकेशन गतिविधियों को और अधिक गति दी जाएगी. इसके तहत विभिन्न माध्यमों से लोगों को अभियान की तिथि, महत्व और बच्चों को पोलियो खुराक दिलाने के प्रति जागरूक किया जाएगा.
विभिन्न विभागों की भूमिका एवं जिम्मेदारियां तय
अभियान के सफल संचालन के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, जेएसएलपीएस, जिला समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग तथा पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका और जिम्मेदारियों की विस्तार से समीक्षा की गई. सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया. बैठक में बताया गया कि अभियान के दौरान जिलेभर में 2,005 बूथों के अतिरिक्त 60 ट्रांजिट टीमों तथा 24 मोबाइल टीमों को भी तैनात किया जाएगा. ये टीमें रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव, भीड़भाड़ वाले स्थलों तथा दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य करेंगी. अभियान की प्रगति और संचालन व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रतिदिन मॉर्निंग एवं इवनिंग समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी. इससे किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा.
ALSO READ : कोडरमा: मरकच्चो के डगरनवां में लंबित आवास योजनाओं एवं शैक्षणिक संस्थानों का डीसी ने किया निरीक्षण



