Koderma: उप विकास आयुक्त, कोडरमा रवि जैन द्वारा मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत डगरनवां पंचायत का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति का जायजा लिया. उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा, कि जिन लाभुकों के बैंक खातों में आवास निर्माण के विभिन्न चरणों के अनुरूप राशि का भुगतान किया जा चुका है, वे आगामी पंद्रह दिनों के भीतर आवास निर्माण कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया.
जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र एवं उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय का भी डीसी ने किया निरीक्षण
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने डगरनवां स्थित जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र एवं उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने भवनों की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा बच्चों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. उप विकास आयुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लाभुकों तक पहुंचाना तथा आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं.
यह भी पढ़ें: नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जयनगर और मरकच्चो में जागरूकता कार्यक्रम, दिलाई गई शपथ



