Hazaribagh: फोटोग्राफी एसोसिएशन हजारीबाग की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को सारले पार्क में आयोजित की गई. इस बैठक में संगठन के विकास, फोटोग्राफरों के हितों की सुरक्षा, कार्यप्रणाली में सुधार, पारिश्रमिक निर्धारण तथा भविष्य की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से कई ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किए गए, जो जिले के फोटोग्राफी व्यवसाय को एक नई दिशा देंगे. संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए निर्णय लिया गया कि आगामी 15 जून से 15 जुलाई तक सभी सदस्यों का पूरा विवरण प्राप्त कर लिया जाएगा और 30 जुलाई तक अनिवार्य रूप से सभी को पहचान पत्र तैयार कर वितरित कर दिए जाएंगे. इसके लिए निर्धारित प्रारूप एवं व्हाट्सएप नंबर जल्द ही आधिकारिक समूह में साझा किया जाएगा.
शादियों के सीजन के लिए बने सिल्वर, गोल्ड और डायमंड पैकेज
फोटोग्राफी व्यवसाय में बढ़ती महंगाई और आधुनिक उपकरणों के रखरखाव के खर्च को देखते हुए एसोसिएशन ने विवाह फोटोग्राफी के लिए न्यूनतम पैकेज की दरें तय कर दी हैं. अब बाजार में न्यूनतम दर के रूप में सिल्वर पैकेज 50 हजार रुपये, गोल्ड पैकेज 75 हजार रुपये तथा डायमंड पैकेज 1 लाख रुपये निर्धारित किया गया है. इसके अलावा अतिरिक्त कैमरा, ड्रोन, स्टाफ एवं कार्य-दिवसों के अनुसार शुल्क अलग से बढ़ाया जा सकेगा. ग्राहकों के लिए भी नियम स्पष्ट करते हुए तय किया गया कि प्रत्येक फोटोग्राफर या स्टूडियो संचालक बुकिंग के समय ही ग्राहकों को बता देगा, कि काम पूरा होने के 90 दिनों के भीतर वे अपना डाटा और डिलीवरी प्राप्त कर लें. 90 दिनों की समय-सीमा बीतने के बाद डाटा की सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित स्टूडियो संचालक की नहीं होगी.
फ्रीलांसरों के लिए भुगतान नियम कड़े, आम जनता के लिए स्टूडियो फोटो की दरें निर्धारित
एसोसिएशन ने फ्रीलांस फोटोग्राफरों के हितों की रक्षा के लिए भी कड़े नियम बनाए हैं. अब फ्रीलांसरों को काम पूरा होने के 15 दिनों के भीतर मुख्य स्टूडियो को डाटा उपलब्ध कराना होगा, जिसके बदले उन्हें 50 प्रतिशत अग्रिम भुगतान मिलेगा तथा शेष राशि डाटा सौंपने के समय दी जाएगी. पूरा भुगतान मिलने के बाद ही वे डाटा हस्तांतरित करेंगे. आम ग्राहकों के लिए अब पासपोर्ट साइज फोटो (10 कॉपी) का न्यूनतम शुल्क 80 रुपये निर्धारित किया गया है. अन्य सभी फोटो साइज की दरों का एक विस्तृत चार्ट तैयार कर सभी सदस्यों को दिया जाएगा, जिसे प्रत्येक स्टूडियो में दर सूची के रूप में प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा. वीडियो एडिटिंग के क्षेत्र में डबल कैमरा व ड्रोन के साथ टीजर, हाईलाइट, रील एवं फुल वीडियो का न्यूनतम शुल्क 5 हजार रुपये, सिंगल कैमरा मूवी एडिटिंग का शुल्क 3500 रुपये तथा एल्बम डिजाइन का न्यूनतम शुल्क 40 रुपये प्रति पेज तय किया गया है.
संकट में काम आएगा 40 हजार का राहत कोष, एसोसिएशन के पास ₹1.34 लाख का फंड उपलब्ध
बैठक का सबसे मानवीय पहलू सदस्यों के हित में ‘राहत कोष’ बनाने का निर्णय रहा. किसी सदस्य की आकस्मिक मृत्यु होने पर उसके आश्रित परिवार को संबल देने के लिए 40 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. इस कोष के लिए प्रत्येक सदस्य से 100 रुपये वार्षिक योगदान लिया जाएगा और एक अलग बैंक खाता खोला जाएगा. इसके साथ ही जिले के सभी प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने और प्रत्येक प्रखंड में प्रभारी नियुक्त करने पर सहमति बनी. बैठक में वित्तीय पारदर्शिता दिखाते हुए बताया गया कि पूर्व सत्र का 70 हजार रुपये सदस्यता शुल्क तथा वर्तमान सत्र में 128 सदस्यों से प्राप्त 64,500 रुपये को मिलाकर एसोसिएशन फंड में कुल 1,34,500 रुपये उपलब्ध हैं, जिसे संयुक्त बैंक खाते में सुरक्षित रखा जाएगा. बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को एक परिवार मानते हुए आपसी सहयोग और अनुशासन के साथ कार्य करने का संकल्प लिया.



