Ranchi: एजेसी कुलदीप की अदालत ने अर्जुन लिंडा की हत्या के अभियुक्त विकास तिर्की को दोषी करार दिया है, उसकी सजा की बिंदू पर 19 जून को सुनवाई होगी. विकास तिर्की जमानत पर था, अदालत ने उसकी जमानत समाप्त करते हुए उसे कस्टडी में लेकर जेल भेजने का आदेश दिया. अभियुक्त और मृतक दोनो दोस्त थे. घटना 15 अगस्त 2021 की है.
क्या है मामला
15 अगस्त 2021 की रात विकास तिर्की अपने दोस्त अर्जुन लिंडा, राजेंद्र टोप्पो,राजू गाड़ी, सुनील गाड़ी, दीपू मिंज, अंकित, रंजीत, सुनील टोप्पो के साथ पार्टी मना रहे थे. उसी दौरान विकास अपने दोस्त अर्जुन लिंडा को खैनी खिलाने के बहाने उनसे अलग ले गया. उसके बाद अभियुक्त अपने दोस्त को नीचे बस्ती में ले गया. काफी देर के बाद वे लोग नहीं लौटे तो अन्य दोस्त उन्हें तलाश करने लगे. बाद में जब वे लोग विकास के घर पहुंचे तो वह अपने घर में सोया हुआ था, जब उससे अर्जुन लिंडा के संबंध पूछा गया तो उसने सही जबाव नहीं दिया. तीन दिन बाद अर्जुन लिंडा का शव सोलंकी कब्रिस्तान के पास बरामद किया गया था. अर्जुन लिंडा के परिजन ने विकास तिर्की को आरोपी बनाते हुए जगन्नाथपुर थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी थी.



