Ranchi: झारखंड की सियासत में इन दिनों ब्लड प्रेशर से लेकर मोबाइल नेटवर्क तक सब कुछ हाई चल रहा है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अचानक भाजपा विधायकों के प्रति अगाध प्रेम और डॉक्टरी चिंता दिखाते हुए अल्टीमेटम जारी कर दिया है. मंत्री इरफान को विपक्ष के विधायकों के स्वास्थ्य की इतनी फिक्र हो गई है कि उन्होंने चेतावनी दे डाली है, अगर एक घंटे में मोबाइल चालू नहीं हुआ, तो पूरी मेडिकल टीम लेकर खुद आपके घर धमक जाऊंगा.
यह भी पढ़ें: RSS कार्यालय घटना पर कांग्रेस का पलटवार, भाजपा को पेपर लीक और बेरोजगारी की याद दिलाई
भाजपा विधायक अचानक ‘नॉट रीचेबल’ मोड में चले गए हैं
सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि भाजपा विधायक अचानक ‘नॉट रीचेबल’ मोड में चले गए हैं. अब यह किसी गुप्त रणनीति का हिस्सा है या कोई पॉलिटिकल वाइरस का असर, यह तो वही जानें. लेकिन हमारे सूबे के स्वास्थ्य मंत्री जी एक सजग डॉक्टर की भूमिका में आ गए हैं. सोशल मीडिया पर उनकी इस डिजिटल गुहार में चिंता कम और तीखा व्यंग्य ज्यादा तैरता नजर आ रहा है. मंत्री डॉ. अंसारी ने विपक्ष से पूछा है, आप लोग कहां हैं? स्वस्थ हैं या नहीं? सुरक्षित हैं या नहीं? कहीं किसी भारी तनाव में तो नहीं हैं? क्या आपका बॉडी चेकअप हुआ है? किसी दवा की जरूरत तो नहीं? स्वास्थ्य मंत्री सिर्फ नब्ज टटोलने नहीं, बल्कि विपक्ष के सियासी नेटवर्क को टटोलने निकले हैं. उन्होंने साफ कह दिया है कि कृपया अपना मोबाइल ऑन करें और अपना मेडिकल बुलेटिन जारी कर सरकार को आश्वस्त करें.



