Ranchi : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए विधानसभा के कमरा संख्या 42 में मतदान जारी है. दोपहर 12:30 बजे तक 52 से अधिक विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं. चुनाव में झामुमो के बैजनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के भाग्य का फैसला होना है.
इंडिया गठबंधन के पास 56 विधायकों का साथ
81 सदस्यीय विधानसभा में जीत के लिए जादुई आंकड़ा 28 प्रथम वरीयता मतों का है. संख्या बल के लिहाज से 56 विधायकों के साथ इंडिया गठबंधन का पलड़ा भारी है, जबकि एनडीए के पास केवल 24 विधायक हैं. इसके बावजूद, एनडीए की ओर से जादुई आंकड़ा जुटाकर परिमल नाथवानी की जीत का दावा किया जा रहा है. दूसरी तरफ, महागठबंधन ने 61 विधायकों के समर्थन का दम भरते हुए अपने दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित बताई है.
5 बजे से मतगणना शुरू होगी
मतदान शाम 4 बजे समाप्त होगा. जिसके बाद 5 बजे से मतगणना शुरू होगी. रात 7 से 9 बजे के बीच अंतिम परिणाम आने की उम्मीद है. यह चुनाव शिबू सोरेन के निधन और दीपक प्रकाश का कार्यकाल पूरा होने से खाली हुई सीटों पर हो रहा है.
ALSO READ : राज्यसभा चुनाव : जयराम महतो ने कहा – जो दिल्ली से काम निकाल सके, वोट उसी को



