Ranchi : झारखंड की सियासत में एकजुटता और आत्मविश्वास का भी नजारा देखने को मिला. राज्यसभा चुनाव के महामुकाबले में ‘इंडिया गठबंधन ने अपनी अभेद्य एकता का प्रदर्शन करते हुए विरोधियों को कड़ा संदेश दिया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कैबिनेट मंत्री इरफान अंसारी की अगुवाई में गठबंधन के तमाम विधायक जब एक साथ, एक सुर और एक कदम होकर विधानसभा की लॉबी से बाहर निकले, तो वहां मौजूद हर शख्स इस सियासी एकजुटता का गवाह बन गया. सभी विधायकों के चेहरों पर जीत की चमक और गजब का उत्साह साफ तौर पर झलक रहा था.
गठबंधन के भीतर मजबूत तालमेल
कंधे से कंधा मिलाकर मतदान केंद्र की ओर बढ़ते इन दिग्गजों की तस्वीरों ने यह साफ कर दिया कि गठबंधन के भीतर का तालमेल कितना मजबूत और अटूट है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सभी विधायकों ने सामूहिक रूप से लोकतंत्र के इस उत्सव में हिस्सा लिया और एकजुट होकर मतदान केंद्र पहुंचे. नेताओं की इस बॉडी लैंग्वेज और चेहरे की मुस्कान ने यह साफ संदेश दे दिया है कि गठबंधन के खेमे में जीत को लेकर किसी भी तरह का कोई संशय नहीं है, बल्कि एक गहरी सकारात्मकता और विजय का पूरा विश्वास है.
लॉबी से लेकर पोलिंग बूथ तक सभी विधायकों का एक साथ कदम बढ़ाना सिर्फ एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि गठबंधन की उस चट्टानी एकता का प्रतीक है, जो हर चुनौती को पार करने का दम रखती है हालांकि, लोकतंत्र के इस दिलचस्प मुकाबले की पूरी तस्वीर और जीत का सेहरा किसके सिर सजेगा, यह आज शाम को नतीजों के साथ पूरी तरह साफ हो जाएगा.
ALSO READ : विधानसभा परिसर में छलका विधायकों का दर्द, बोले – वोट दे दिया भाई, अब शक की सुई बंद करो और घर जाने दो



