Jamtara: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को मिहिजाम थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जामताड़ा प्रभारी बीडीओ सह अंचलाधिकारी अविश्वर मुर्मू ने की. बैठक में मिहिजाम नगर परिषद की चेयरपर्सन जयश्री देवी, उपाध्यक्ष महावीर राय, पुलिस इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, थाना प्रभारी प्रदीप राणा, सिटी मैनेजर विजय कुमार सहित शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
विधि-व्यवस्था व सुरक्षा व्यवस्था जैसे जरूरी विषयों पर चर्चा
बैठक में मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. उपस्थित सदस्यों ने कहा कि मिहिजाम क्षेत्र में सभी धर्मों और समुदायों के लोग आपसी भाईचारे एवं सद्भाव के साथ त्योहार मनाते आए हैं और इस वर्ष भी मुहर्रम का पर्व शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा.
लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
प्रभारी बीडीओ सह अंचलाधिकारी अविश्वर मुर्मू ने कहा, कि मुहर्रम का जुलूस प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं नियमों के अनुरूप ही निकाला जाए. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की. उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर बल देते हुए कहा, कि भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट से बचना चाहिए.
कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर रखी जाएगी कड़ी नजर
पुलिस इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान ने कहा कि मुहर्रम आपसी एकता और अनुशासन का पर्व है. सभी लोगों को प्रशासन का सहयोग करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी.
थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने कहा कि मुहर्रम के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहेगा. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, कि किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल मिहिजाम थाना से संपर्क करें. पुलिस हर परिस्थिति में लोगों की सहायता एवं सुरक्षा के लिए तत्पर है.
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ मुहर्रम पर्व मनाने का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में प्राकृतिक खेती और मोटे अनाज उत्पादन पर भाजपा की किसान कार्यशाला



