Ranchi: रांची नगर निगम शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए जल्द ही एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर बनाएगा. इसके लिए निगम को 2.10 करोड़ रुपये की राशि मिली है. इस सेंटर में आवारा कुत्तों की नसबंदी, रेबीज का टीकाकरण और इलाज की व्यवस्था होगी.
बड़गाई में बनेगा नया ABC सेंटर
नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में सेंटर के निर्माण, जमीन के चयन और जल्द टेंडर जारी करने पर चर्चा हुई. नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं तय समय के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया.

बैठक में बताया गया कि मौजा बड़गाई में 20.2 डिसमिल जमीन पर यह सेंटर बनाया जाएगा. यहां आवारा कुत्तों की संख्या को वैज्ञानिक और मानवीय तरीके से नियंत्रित करने के साथ उनके इलाज और देखभाल की भी सुविधा मिलेगी.

डॉग अस्पताल का होगा नवीनीकरण, 57 डॉग फीडिंग जोन चिन्हित
इसके अलावा चुटिया स्थित डॉग अस्पताल का भी पशु कल्याण के मानकों के अनुसार नवीनीकरण किया जा रहा है, ताकि इलाज की सुविधाएं बेहतर हो सकें. नगर निगम ने शहर के 53 वार्डों में 57 डॉग फीडिंग जोन भी चिन्हित किए हैं. इन स्थानों पर आवारा कुत्तों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उनके प्रबंधन में आसानी होगी और मानव-पशु सह-अस्तित्व को बढ़ावा मिलेगा. नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि ABC सेंटर के निर्माण में गुणवत्ता और सभी तय मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि यह परियोजना जल्द शुरू होकर प्रभावी तरीके से काम कर सके.

