Newswave Desk: T20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दो जीत के साथ शानदार शुरुआत करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम की अहम स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल (Shreyanka Patil) चोटिल होने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई है. श्रेयंका को यह चोट नीदरलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान लगी. फील्डिंग करते समय उनका दाहिना टखना मुड़ गया, जिसके बाद वह दर्द से मैदान पर ही गिर पड़ीं. स्थिति गंभीर होने के कारण मेडिकल टीम को तुरंत मैदान पर आना पड़ा और उन्हें स्ट्रेचर की मदद से बाहर ले जाया गया.
कई बार फिटनेस समस्याओं के कारण क्रिकेट से दूर रही
इसके बाद कराए गए स्कैन में टखने के लिगामेंट में गंभीर चोट की पुष्टि हुई. डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया गया. यह भारतीय टीम के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है, क्योंकि श्रेयंका गेंद और बल्ले दोनों से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती हैं. 23 वर्षीय श्रेयंका का चोटों से पुराना नाता रहा है. इससे पहले भी वह कई बार फिटनेस समस्याओं के कारण क्रिकेट से दूर रह चुकी हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2024 में उंगली की चोट ने उन्हें बाहर कर दिया था, जबकि शिन स्प्लिंट्स और कलाई की परेशानी के चलते भी उन्हें लंबे समय तक मैदान से दूर रहना पड़ा था.
श्रेयंका के स्थान पर प्रेमा रावत को टीम में किया गया शामिल
हालांकि, उन्होंने हर बार दमदार वापसी की. महिला CPL 2025 और WPL 2026 में उनके प्रदर्शन ने साबित कर दिया था कि वह पूरी तरह फिट होकर लौट चुकी हैं. ऐसे में वर्ल्ड कप के बीच उनका बाहर होना उनके लिए भी बड़ा झटका है. भारतीय टीम ने श्रेयंका के स्थान पर 24 वर्षीय लेग स्पिनर प्रेमा रावत को टीम में शामिल किया है. प्रेमा घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रही हैं और उत्तराखंड को सीनियर चैंपियनशिप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभा चुकी हैं. इसके अलावा वह पिछले दो सीजन से महिला प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रही हैं.
भारतीय टीम ने अपने शुरुआती दोनों मैचों में पाकिस्तान और नीदरलैंड को हराकर टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की है. अब टीम का अगला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा. ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि टीम इस बड़े झटके से उबरकर जीत की लय को बरकरार रख पाती है या नहीं.
ALSO READ: पेसा नियमावली को लेकर मानकी-मुंडाओं की बैठक, ग्रामसभा को सशक्त बनाने पर जोर



