Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदवारी गांव में एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान सिया कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव और परिवार में शोक का माहौल है. परिजनों के अनुसार, घटना के समय सिया घर में अकेली थी. उसकी मां मजदूरी करने गई हुई थी. देर शाम जब वह घर लौटी और दरवाजा खोला, तो बेटी को फंदे से लटका हुआ पाया. यह दृश्य देखकर मां ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.
युवती की मौत का कारण, पता लगाने में जूटी पुलिस
स्थानीय लोगों की मदद से युवती को नीचे उतारकर तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा ले जाया गया. हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने बताया कि सिया ने ऐसा कदम क्यों उठाया या घटना के पीछे क्या कारण हो सकता है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है. फिलहाल परिवार इस घटना से सदमे में है. इधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. साथ ही लोगों से किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने और जांच पूरी होने का इंतजार करने की अपील की गई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : मेदिनीनगर के सब्जी मार्केट में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख



