Lohardaga: कुड़ू प्रखंड स्थित चीरी डायट सेंटर परिसर में गुरुवार को राष्ट्रीय जनजातीय रोवर-रेंजर मीट का भव्य शुभारंभ हुआ. भारत स्काउट एंड गाइड, लोहरदगा के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे स्काउट-गाइड प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू और विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व एमएलसी प्रवीण कुमार सिंह, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. उन्हें बैज, अंगवस्त्र और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया. इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर मीट का विधिवत उद्घाटन किया.


विभिन्न राज्यों की संस्कृति ने मोहा मन
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई. दक्षिण-पूर्व रेलवे, ओडिशा और झारखंड की टीमों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. इसके बाद राजस्थान, छत्तीसगढ़ और एनएफ रेलवे की टीमों ने अपनी पारंपरिक लोक संस्कृति और जनजातीय नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी. अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक झलकियों ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत किया.

छोटे जिले में राष्ट्रीय आयोजन लोहरदगा के लिए गौरव: धीरज साहू
मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा जैसे छोटे जिले में राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि देशभर से आए प्रतिभागियों का स्वागत करना लोहरदगा की संस्कृति, आतिथ्य और संगठन क्षमता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि भारत स्काउट एंड गाइड सिर्फ अनुशासन सिखाने वाला संगठन नहीं है, बल्कि यह युवाओं में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है.

युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का आह्वान
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा की भावना को अपनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि झारखंड की जनजातीय संस्कृति देश की अमूल्य धरोहर है, जिसे संरक्षित और आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है.
स्काउट-गाइड की भूमिका की हुई सराहना
विशिष्ट अतिथि पूर्व एमएलसी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि भारत स्काउट एंड गाइड आपदा, बाढ़, दुर्घटना और संकट के समय मानव सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन से लोहरदगा की पहचान देशभर में और मजबूत होगी तथा युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी.
कई अधिकारी और प्रतिभागी रहे मौजूद
कार्यक्रम में एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, थाना प्रभारी अजीत कुमार, गौतम लेनिन समेत कई अधिकारी, स्काउट-गाइड पदाधिकारी, स्वयंसेवक और विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी मौजूद रहे. पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रीय एकता, जनजातीय संस्कृति और युवा शक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला.

