Jamtara: नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करमदाहा मंदिर परिसर में एक 9 वर्षीय बच्ची के भटकते हुए मिलने के बाद पुलिस एवं बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) जामताड़ा की तत्परता से उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया. इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है.
पुलिस की तत्परता से बच्ची की हुई पहचान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को करमदाहा मंदिर परिसर में एक नाबालिग बच्ची अकेली अवस्था में मिली थी. बच्ची अपने परिवार से बिछड़ गई थी और अपने घर का स्पष्ट पता बताने में असमर्थ थी. सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस सक्रिय हुई और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया. इसके बाद बाल कल्याण समिति, जामताड़ा को मामले की जानकारी दी गई. पुलिस एवं बाल कल्याण समिति के संयुक्त प्रयास से बच्ची की पहचान की गई. जांच के दौरान पता चला कि बच्ची के पिता का नाम मथुरा भोगता है तथा उनका निवास ग्राम गौदलियाजोर, पोस्ट गादीश्रीरामपुर, थाना गिरिडीह में है.
ALSO READ: मासिक दुर्गाष्टमी 2026: जून में कब है दुर्गा अष्टमी? जानें तिथि, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि
कानूनी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंपी गई बच्ची
आवश्यक सत्यापन और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति के माध्यम से उसके परिजनों को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया. इस पूरी कार्रवाई में नारायणपुर थाना की महत्वपूर्ण भूमिका रही. समय पर की गई पहल के कारण बच्ची सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सकी. परिजनों ने पुलिस एवं बाल कल्याण समिति के प्रति आभार व्यक्त किया है.



