Saraikela: गर्मी बढ़ते ही दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी से हाथियों का झुंड चांडिल बहुउद्देशीय परियोजना के जलाशय में पहुंच रहा है. शुक्रवार को कल्याणपुर-धातकीडीह के पास 3 जंगली हाथियों को घंटों जलक्रीड़ा करते देखा गया. पर्यटकों के लिए यह दृश्य आकर्षण का केंद्र बना, वहीं शाम ढलते ही हाथी गांवों में उतरकर उपद्रव मचाने लगे. चांडिल डैम में नौका बिहार के दौरान हाथियों को पानी में मस्ती करते देख पर्यटक और स्थानीय लोग खुशी जता रहे हैं. लोगों का कहना है कि दलमा भ्रमण के दौरान हाथी देखने को नहीं मिलते, जो चांडिल डैम में आसानी से दिख जाते हैं.
दिन में जलक्रीड़ा, रात में गांव में धमाल
स्थानीय लोगों के अनुसार दिनभर हाथियों का झुंड जंगल में रहता है और गर्मी के समय सुवर्णरेखा नदी-जलाशय में उतरकर जलक्रीड़ा करता है. लेकिन शाम होते ही ये गजराज जंगल से बाहर निकलकर विभिन्न गांवों में फसल और घरों को नुकसान पहुंचाने लगते हैं.
दोनों तरफ का असर
एक तरफ पर्यटकों के लिए यह उत्साह की बात है, वहीं दूसरी तरफ ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांवों में मानव-हाथी संघर्ष बढ़ गया है. हाथियों के गांव में घुसने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है. चांडिल वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों में लोग दहशत में हैं. वन विभाग के अनुसार गर्मी में पानी और भोजन की तलाश में दलमा के हाथी चांडिल डैम क्षेत्र की ओर पलायन कर रहे हैं. विभाग ने लोगों से रात में सतर्क रहने और पटाखे-टॉर्च साथ रखने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: लंबित योजनाओं में लाएं तेजी, लापरवाह संवेदकों पर करें कार्रवाई : DC



