palamu : महिलाओं के सम्मान, अधिकार एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्यरत पहल ट्रस्ट द्वारा आगामी 23 जून को अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस के अवसर पर मेदिनीनगर नगर भवन (टाउन हॉल) में शनिवार को विधवा सम्मान समारोह सह विधवा पुनर्विवाह विषयक परिचर्चा का भव्य आयोजन किया जाएगा. इस संबंध में पहल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री अविनाश देव ने प्रेस वार्ता आयोजित कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पहल ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से महिलाओं के सम्मान एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है. ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस (International Widows Day) के अवसर पर महिलाओं को एक मंच पर लाकर सम्मानित किया जाता है तथा उन्हें उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न अधिकारियों से रूबरू कराया जाता है.
विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा देने के उद्देश्य
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समय-समय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं. इसके तहत कई जरूरतमंद महिलाओं का पुनर्विवाह भी सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया है. श्री देव ने बताया कि 23 जून को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं सामाजिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे. वे महिलाओं को उनके अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं तथा आत्मनिर्भरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करेंगे. कार्यक्रम के दौरान सभी विधवा महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा. पहल ट्रस्ट ने जिले की सभी महिलाओं एवं सामाजिक संगठनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की है. उक्त मौके पर पहल ट्रस्ट के सदस्य बिलिंगना किंडो, शोभा प्रजापति,ललन प्रजापति व अन्य मौजूद थे.
Also Read : सरिया नगर पंचायत में 20.80 लाख की सड़क योजना का शुभारंभ, MLA नागेंद्र महतो ने किया उद्घाटन


