-
10 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
-
परीक्षा के बाद धनबाद और डालटनगंज के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
-
परीक्षा केंद्र के 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू
Ranchi: NEET UG 2026 री-एग्जाम को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है. यह परीक्षा 21 जून, रविवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक रांची के 21 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. परीक्षा में 10 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे. पेपर लीक की पिछली घटना को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई है. जिला प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग की टीमें मिलकर परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से कराने में जुटी हैं. परीक्षा के दिन सभी केंद्रों पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम रहेंगे. केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की कई स्तर पर जांच की जाएगी. पहचान पत्र, एडमिट कार्ड, बायोमेट्रिक सत्यापन और अन्य सुरक्षा जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया जाएगा. केंद्रों के बाहर और भीतर दोनों जगह सुरक्षा बल तैनात रहेंगे. हर केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहेगा, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अव्यवस्था को तुरंत रोका जा सके.
यह भी पढ़ें: गुमला : ब्राउन शुगर का सेवन कर रहे चार युवाओं को पुलिस ने दबोचा, भेजा जेल
परीक्षा केंद्रों के आसपास सख्ती
जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास भी सख्ती बढ़ा दी है. परीक्षा के दौरान भीड़भाड़ और अनावश्यक आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए केंद्रों के आसपास प्रशासनिक निगरानी रखी जाएगी. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा संचालन में किसी तरह की लापरवाही न हो और हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए. इस बार प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को लेकर भी खास व्यवस्था की गई है. जानकारी के अनुसार, री-नीट के प्रश्न पत्र भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से कड़ी सुरक्षा के बीच रांची पहुंचाए गए हैं. प्रश्न पत्रों को सुरक्षित रखने, मजबूत कमरों में रखने और तय समय पर प्रशासनिक निगरानी में खोलने की व्यवस्था की गई है. साथ ही पूरे सिस्टम पर नजर रखने के लिए बहु-स्तरीय निगरानी तंत्र बनाया गया है.
परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य
परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है. सभी केंद्रों की निगरानी कैमरों के जरिए होगी और इसकी मॉनिटरिंग भी की जाएगी. जिला स्तर पर केंद्रों की जांच के लिए टीमों को जिम्मेदारी दी गई है. वहीं, सीनियर पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में फ्लाइंग स्क्वाड और गश्ती दल सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है. सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि प्रश्न पत्र लीक या किसी तरह की अफवाह फैलाने की कोशिशों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. कोचिंग संस्थानों और फोटोकॉपी दुकानों जैसी जगहों पर भी निगरानी रखी जा रही है.
रेलवे ने की है विशेष ट्रेनों की व्यवस्था
अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने भी विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा खत्म होने के बाद छात्रों को अपने गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रांची से धनबाद और डालटनगंज के लिए दो विशेष अनारक्षित ट्रेनें चलाई जाएंगी. ट्रेन संख्या 08603 रांची-धनबाद स्पेशल शाम 6:30 बजे रांची स्टेशन से खुलेगी. यह ट्रेन मूरी, झालिदा, कोटशिला, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, फुलवारटांड़ और कतरासगढ़ स्टेशन पर रुकते हुए रात 11:05 बजे धनबाद पहुंचेगी. इस ट्रेन में 12 मेमू कोच लगाए जाएंगे. इसी तरह ट्रेन संख्या 08631 रांची-डालटनगंज स्पेशल शाम 7:15 बजे रांची से रवाना होगी. यह ट्रेन पिस्का, टांगरबंसली, नगजुआ, लोहरदगा, बड़कीचांपी, बोदाग्राम, टोरी, लातेहार, छीपादोहर और बरवाडीह स्टेशन पर ठहरते हुए रात 11:15 बजे डालटनगंज पहुंचेगी. इसमें आठ कोच होंगे, जिनमें दो एसएलआरडी और छह सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं.
परीक्षा केंद्र पर सभी कागजात के साथ समय पर पहुंचे
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें और अपने साथ एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेज जरूर रखें. साथ ही अभिभावकों और अन्य लोगों से भी केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की गई है. गौरतलब है कि मई 2026 में हुई मूल NEET UG परीक्षा पेपर लीक की शिकायतों के बाद रद्द कर दी गई थी. इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून को री-एग्जाम कराने का फैसला लिया. इसी वजह से इस बार परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं ज्यादा कड़ी की गई है.
रांची में NEET UG री-एग्जाम के 21 परीक्षा केंद्र
1. मारवाड़ी कॉलेज (बॉयज), लेक रोड, स्वामी विवेकानंद सरोवर (बड़ा तालाब) के पास, हिंदपीढ़ी, रांची.
2. सेंट जॉन हाई स्कूल, करबला टैंक रोड, रांची.
3. डोरंडा कॉलेज, श्रीकृष्ण पार्क के सामने, एजी मोड़ के पास, डोरंडा, रांची.
4. निर्मला कॉलेज, सेंट जेवियर्स स्कूल के पास, डोरंडा, रांची.
5. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, हिनू, एजी मोड़ के पास, डोरंडा, रांची.
6. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सीआरपीएफ धुर्वा, सीआरपीएफ कैंप, तिरिल आश्रम, धुर्वा, नया विधानसभा के पास, रांची.
7. केंद्रीय विद्यालय एचईसी, रांची, केंद्रीय विद्यालय नंबर-1, एचईसी सेक्टर-2, धुर्वा, रांची.
8. गोस्सनर कॉलेज, सेंटर-बी, एन.एम. होरो मार्ग, रांची.
9. गोस्सनर कॉलेज, सेंटर-ए, एन.एम. होरो मार्ग, रांची.
10. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नामकुम, आर्मी एरिया, नामकुम, रांची.
11. आर्मी पब्लिक स्कूल, दीपाटोली, आर्मी पब्लिक स्कूल कैंट, बूटी, जिमखाना क्लब, होटवार के सामने, रांची.
12. सीएम स्कूल (गर्ल्स), बरियातू, एचडीएफसी बैंक के सामने, बरियातू, रांची.
13. सेंट अलॉयसियस हाई स्कूल, डॉ. कैमिल बुल्के पथ, पुरुलिया रोड, रांची.
14. सेंट एनीज गर्ल्स हाई स्कूल, डॉ. कैमिल बुल्के पथ, पुरुलिया रोड, आईओबी के पास, रांची.
15. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, दीपाटोली, वाया टाटीसिलवे, पोस्ट-सुगनू, रांची.
16. मारवाड़ी +2 हाई स्कूल, अपर बाजार, पुस्तक पथ, रांची.
17. सरकारी +2 हाई स्कूल, कांके, सेमरटोली, सीआईपी के पास, कांके, रांची.
18. सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, कांके, बीआईटी मोड़, मेसरा के पास, रांची.
19. एएसटीवीएस जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, शहीद चौक के पास, रांची.
20. अनीता गर्ल्स हाई स्कूल, कांके, कृषि कॉलेज गेट के सामने, कांके, रांची.
21. उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल, डॉ. कैमिल बुल्के पथ, एक्सआईएसएस के पास, रांची.


