Chaibasa: उपायुक्त मनीष कुमार के मार्गदर्शन में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस), शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त सहयोग से जिले में संचालित नशा मुक्ति अभियान के तहत विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता रैली और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए. अभियान के दौरान रैली, नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता वाहन के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त जीवन के महत्व के प्रति जागरूक किया गया. कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की दीदियों, ग्राम संगठन के सदस्यों, जेंडर सीआरपी, पंचायत प्रतिनिधियों, साहिया एवं अन्य सामुदायिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई. रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के कारण परिवार, समाज और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई. वहीं नुक्कड़ नाटकों के जरिए नशे से होने वाली सामाजिक और आर्थिक समस्याओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया.
यह भी पढ़ें: झारखंड सरकार का बड़ा फैसला: साउथ वेस्ट माइनिंग कंपनी का भानगांव आयरन ओर ब्लॉक आवंटन रद्द, अब नए सिरे से होगी नीलामी
युवा नशा से रहें दूर
इस अवसर पर ग्रामीणों एवं प्रतिभागियों को नशामुक्त रहने तथा अपने गांव और समुदाय को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई. साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने और अवैध मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई. जिला प्रशासन ने आमजनों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया.
यह भी पढ़ें: JPSC Civil Services: मुख्य परीक्षा की संभावित तारीखें घोषित, GS Paper-2 की उत्तर कुंजी में भी हुआ बदलाव


