Pakur: आगामी 26 तारीख को होने वाले मोहर्रम पर्व को लेकर मालपहाड़ी ओपी परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता ने की. इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों के शांति समिति सदस्य, जनप्रतिनिधि, मुखिया सहित दोनों समुदायों के गणमान्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे.
शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील
बैठक के दौरान ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता ने उपस्थित लोगों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें, ताकि पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हो सके.
ALSO READ: सरायकेला: उलि बगाइचा परब-2026 की शुरूआत, बागवानी आधारित आजीविका पर जोर
नशा मुक्ति अभियान को लेकर किया जागरूक
इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी नशा मुक्ति अभियान को लेकर भी उपस्थित लोगों को जागरूक किया. उन्होंने कहा कि समाज को खोखला कर रहे नशे के खिलाफ हर नागरिक को आगे आना होगा. साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि नशा करने वालों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


