Giridih: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पहाड़ीडीह गांव में नाली विवाद को लेकर देर रात जमकर हिंसा हुई. आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
मामले में मुफ्फसिल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों मो. सोहेल अंसारी और अफसर अंसारी को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया है. थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुराने नाली विवाद को लेकर भड़का विवाद
सदर अस्पताल में इलाजरत 42 वर्षीय शबाना प्रवीन द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार पीड़िता घर के बगल स्थित नाली को लेकर चल रहे पुराने विवाद के कारण दूसरे पक्ष के लोग गाली-गलौज करने लगे. देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया. आरोप है कि शाहिद उर्फ छोटू हाथ में भुजाली लेकर उनके घर में घुस आया और उनके पति मो. मेहफूज आलम पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले में मेहफूज आलम के माथे पर गंभीर चोट आई.
बचाने पहुंची महिला पर रॉड से वार
पति को बचाने पहुंची शबाना प्रवीन पर भी हमला किया गया. आरोप है कि अफसर अंसारी ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं. शबाना की चीख-पुकार सुनकर उनकी गोतनी अफसाना प्रवीन बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन उन्हें भी नहीं बख्शा गया. आरोप है कि नाजमा और मेहर ने उनके पेट पर लात-घूंसों से हमला कर दिया.
ALSO READ: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बाघमारा में सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
बेटे को भी बेरहमी से पीटा
माता-पिता को बचाने पहुंचे बेटे सैफ अली को भी आरोपियों ने निशाना बनाया. मारपीट में उसके जबड़े पर गंभीर चोट लगी है. घटना के बाद परिजनों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. शबाना प्रवीन के बयान पर मुफ्फसिल थाना में साहिद उर्फ छोटू, मो. अफसर अंसारी, मुस्तफा कमाल, मिराज अंसारी, मो. राजू, सोहेल अंसारी, नाजमा, मेहर, मुमताज और जैबुन के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, जानलेवा हमला और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.


