Koderma: कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड अंतर्गत बच्छेडीह निवासी पंकज कुमार पंडित के भारतीय नौसेना में चयनित होने के बाद पहली बार अपने गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया. इस अवसर पर पंकज ने युवाओं को सेना में शामिल होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया. पंकज ने कहा कि आज के युवाओं के लिए सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सुनहरा अवसर है. उन्होंने युवाओं से अपने माता-पिता, गांव और देश का नाम रोशन करने की अपील की. उन्होंने बताया कि जब वे सेना में भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगाते थे, तब कई लोग उनका मजाक उड़ाते थे, लेकिन उन्होंने लोगों की बातों को नजरअंदाज कर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा.
लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत के बाद 2026 के बैच में हुआ चयन
पंकज ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी विद्यालय में हुई. इसके बाद उन्होंने हजारीबाग में 11वीं-12वीं की पढ़ाई की और वहीं एक वर्ष तक स्नातक की पढ़ाई भी की. बचपन से ही उनका सपना सेना में जाकर देश सेवा करना था. उन्होंने एनडीए की परीक्षा दो बार दी, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने नौसेना की भर्ती परीक्षा दी, जिसमें पहली बार फिजिकल में और दूसरी बार अंतिम मेरिट सूची में एक अंक से पीछे रह गए. लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार वर्ष 2026 के बैच में उनका चयन भारतीय नौसेना (नेवी एसआर) में हो गया.
सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का गौरवपूर्ण अवसर- पंकज
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता विमला देवी, पिता शशिकांत पंडित और परिवार के अन्य सदस्यों को दिया. पंकज के पिता पंजाब में फल विक्रेता हैं. पंकज ने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का गौरवपूर्ण अवसर है. उन्होंने भरोसा जताया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे. गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, मित्र और बुजुर्गों ने उनका स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
यह भी पढ़ें: बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में जेल अदालत का आयोजन, दो बंदी हुए रिहा


