Gumla: उप विकास आयुक्त, गुमला अनिमेश रंजन द्वारा सोमवार को बिशुनपुर एवं घाघरा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण, जनसुविधाओं तथा विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की. निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने कार्यालय में संचालित कार्यों, लंबित मामलों तथा आमजन से जुड़े सेवा प्रदायगी कार्यों की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही कार्यालय परिसर की स्वच्छता, अभिलेखों के अद्यतन संधारण तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया.
विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की
समीक्षा बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना सहित आवास योजनाओं तथा 15वें वित्त आयोग से संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति लाने, लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ निर्धारित समय सीमा के भीतर पात्र लाभुकों तक पहुंचना चाहिए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. उप विकास आयुक्त ने मनरेगा अंतर्गत संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने एवं योजनाओं के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया. वहीं आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने तथा लाभुकों को नियमित रूप से तकनीकी एवं प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा.

जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की प्राथमिकता
इसके अतिरिक्त उप विकास आयुक्त ने बिशुनपुर एवं घाघरा स्थित स्वास्थ्य संस्थानों का भी निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, दवा वितरण, साफ-सफाई तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए. उप विकास आयुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करनी होगी. इस अवसर पर संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, वन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
AlsoRead:गुमला उपायुक्त की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, बस भाड़ा वृद्धि पर भी हुई चर्चा


