Jamtara: मुहर्रम त्योहार के मद्देनजर सोमवार को समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में डीसी आलोक कुमार की अध्यक्षता में केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई. उपायुक्त ने कहा कि मुहर्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की. बैठक में जुलूस मार्गों का सत्यापन, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, नियंत्रण कक्ष, ड्रोन एवं सीसीटीवी निगरानी, वाहनों की जांच तथा सुरक्षा व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई. प्रशासन ने सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया.

निर्धारित मार्गों से ही जुलूस निकालें: SP
वहीं पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि मुहर्रम त्याग और बलिदान का पर्व है. इसे आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए. उन्होंने ताजिया की ऊंचाई का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित मार्गों से ही जुलूस निकालने की अपील की. उपायुक्त ने बताया कि व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. मुहर्रम के दौरान ड्राई डे घोषित रहेगा और सभी अस्पताल अलर्ट मोड पर रहेंगे.

बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा, उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक नीलम कुजूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: दिशोम गुरु शिबू सोरेन का सम्मान ग्रहण करेंगी रूपी और कल्पना सोरेन


