Ranchi: राजधानी रांची में अवैध ड्रग्स के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में रांची पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को मिली गुप्त सूचना पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने शहर के हिन्दपीढ़ी, सुखदेवनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर ब्राउन शुगर के 5 तस्करों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में हिंदपीड़ी कुर्बान चौक निवासी मो. एहतेशाम, निजाम नगर का मो. शहादत, गोन्दा थाना क्षेत्र के न्यू शांति नगर निवासी जितेन्द्र कुमार सिंह, सुखदेवनगर का राहुल कुमार यादव और नामकुम के सामलौंग भुइंयाटोली निवासी राजकुमार पुराण शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से 27.89 ग्राम ब्राउन शुगर, 8020 रूपये नकद, एक मोटरसाइकिल, एक सीएनजी ऑटो और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
यह भी पढ़ें: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने महागामा में किया करोड़ों की योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास

मारवाड़ी कॉलेज के पास अर्ध-निर्मित मकान में चल रहा था नशे का खेल
कोतवाली सहायक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एसआईटी ने पहली कार्रवाई मारवाड़ी कॉलेज के समीप छोटा तलाब के पास एक अर्ध-निर्मित मकान में की. यंहा से मो. एहतेशाम और मो. शहादत को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए पकड़ा गया. इनके पास से 13 पुड़िया (कुल वजन 1.29 ग्राम) ब्राउन शुगर और 8,020 रुपये नगद जब्त किए गए. इस संबंध में हिंदपीढ़ी थाना में केस दर्ज किया गया है. यह जानकारी सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में दी. इस दौरान कोतवाली एएसपी निखिल राय सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे.
सुखदेवनगर और जेपीएससी कार्यालय के बगल से भी हुई गिरफ्तारी
इसी टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए सुखदेवनगर थाना अंतर्गत मुड़ला पहाड़ हेहल के पास से जितेन्द्र कुमार सिंह और राहुल कुमार यादव को गिरफ्तार किया. इनके पास से 18.6 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक मोटरसाइकिल और एक सीएनजी ऑटो जब्त की गई. वहीं, तीसरी कार्रवाई में कोतवाली थाना क्षेत्र के जेपीएससी कार्यालय के ठीक बगल से राजकुमार पुराण नामक युवक को 08.00 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया. उसके खिलाफ कोतवाली थाना में केस दर्ज किया गया है.
यह भी पढ़ें: रांची में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर BLO और सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण
आरोपियों का है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अपराधियों में से कई का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. राजकुमार पुराण के खिलाफ नामकुम थाने में चोरी सहित दो मामले दर्ज हैं. वहीं मो. शहादत पर हिन्दपीढ़ी और सुखदेवनगर थाने में जानलेवा हमला (धारा 307) और डकैती की योजना बनाने व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं. इसके अलावा मो. एहतेशाम भी पूर्व में जानलेवा हमले और चोरी के मामले में जेल जा चुका है. पुलिस पूछताछ कर पूरे सिंडिकेट के मुख्य सरगना तक पंहुचने का प्रयास कर रही है.


