Ranchi: रांची जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है. इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और BLO सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण के दौरान उन्हें घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने, गणना प्रपत्र बांटने और उन्हें वापस संग्रह करने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) ने BLO और सुपरवाइजरों को पुनरीक्षण अभियान की समय-सीमा, कार्यप्रणाली, प्रपत्रों के संधारण और आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई. प्रशिक्षण में बताया गया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान BLO अपने-अपने बूथ क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरित करेंगे. इसके बाद मतदाताओं द्वारा भरे गए प्रपत्रों को उसी अवधि में वापस लिया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके.
यह भी पढ़ें: आईजी ऑफिस का स्टाफ बताकर कारोबारी से मांगा पैसा, सीआईडी से शिकायत के बाद आरोपियों की खोज शुरू

डीसी के निर्देश पर प्रशिक्षण कार्यक्रम
अधिकारियों ने BLO और सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि वे प्राप्त प्रपत्रों का सही तरीके से संधारण करें और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट संबंधित कार्यालय को सौंपें. साथ ही पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने पर जोर दिया गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर सभी विधानसभा क्षेत्रों में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिला प्रशासन ने मतदाताओं से भी अपील की है कि वे BLO को आवश्यक सहयोग दें, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके.

यह भी पढ़ें: नीट मुद्दे पर सियासत नहीं होनी चाहिए, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद हो- गणेश मिश्रा


