Koderma: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा राज्य के सभी 80 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (CM School of Excellence) के CBSE 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा कराई गई. समीक्षा के बाद विभागीय सचिव उमाशंकर सिंह ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध होने के बावजूद परिणाम संतोषजनक नहीं रहे हैं, वहां पदस्थापित शिक्षकों के स्थानांतरण एवं आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार किया जाए.
70 शिक्षकों का विभिन्न विद्यालयों में स्थानांतरण किया गया
इसी निर्देश के आलोक में कोडरमा उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सीडी बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय झुमरी तिलैया, चंद्रवती स्मारक मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय डोमचांच और केजीबीवी मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय जयनगर सहित विभिन्न विद्यालयों के विषयवार शिक्षकों के स्थानांतरण का निर्णय लिया गया.

जिला शिक्षा पदाधिकारी अविनाश राम की ओर से शिक्षकों का साक्षात्कार कराने के बाद करीब 70 शिक्षकों का विभिन्न विद्यालयों में स्थानांतरण किया गया है. स्थानांतरित शिक्षकों को 48 घंटे के भीतर अपने नए विद्यालयों में योगदान देने का निर्देश दिया गया है.
अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत किया
स्थानांतरण के तहत कोडरमा, जयनगर, मरकच्चो, डोमचांच समेत विभिन्न प्रखंडों के विद्यालयों में शिक्षकों की नई पदस्थापना की गई है. इनमें पीएम श्री उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय जयपुर कांकों, डुमरडीहा, रामो मोहन मोदक प्लस टू उच्च विद्यालय चंदवारा, राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय जयनगर और सर्वोदय प्लस टू उच्च विद्यालय मरकच्चो सहित कई विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हैं.
शिक्षा विभाग का मानना है कि योग्य शिक्षकों की उचित तैनाती से सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणामों में सुधार होगा. वहीं अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि अन्य विद्यालयों में वर्षों से जमे शिक्षकों के स्थानांतरण पर भी जिला स्थापना समिति को विचार करना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके.
ALSO READ: टाटीसिल्वे में गेल की ऑफ-साइट मॉक ड्रिल, गैस आपदा से निपटने की तैयारियों का लिया गया जायजा


