Click Here
Click Here
Click Here

टाटीसिल्वे में गेल की ऑफ-साइट मॉक ड्रिल, गैस आपदा से निपटने की तैयारियों का लिया गया जायजा

Ranchi: रांची के टाटीसिल्वे स्थित एक फिलिंग स्टेशन परिसर में मंगलवार को अचानक गैस सिलेंडर विस्फोट और हाइड्रोटेस्ट फेल होने जैसी आपात...

Ranchi: रांची के टाटीसिल्वे स्थित एक फिलिंग स्टेशन परिसर में मंगलवार को अचानक गैस सिलेंडर विस्फोट और हाइड्रोटेस्ट फेल होने जैसी आपात स्थिति का दृश्य बनते ही कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि, यह किसी वास्तविक दुर्घटना का नहीं बल्कि गेल (इंडिया) लिमिटेड की रांची सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) इकाई द्वारा आयोजित ऑफ-साइट मॉक ड्रिल का हिस्सा था. इस अभ्यास का उद्देश्य प्राकृतिक गैस नेटवर्क से जुड़ी संभावित आपात परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों की तत्परता और समन्वय का परीक्षण करना था.

25 हजार से अधिक घरों तक पहुंच रही प्राकृतिक गैस

गेल के रांची सीजीडी नेटवर्क के माध्यम से वर्तमान में शहर के 25 हजार से अधिक घरों, 28 सीएनजी स्टेशनों, करीब 200 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और 16 औद्योगिक इकाइयों को प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की जा रही है. इसके लिए शहर में लगभग 850 किलोमीटर लंबी एमडीपीई पाइपलाइन बिछाई गई है. इसी विस्तृत नेटवर्क की सुरक्षा और किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए यह मॉक ड्रिल आयोजित की गई. अभ्यास के दौरान गैस रिसाव, सिलेंडर विस्फोट और हाइड्रोटेस्ट फेल होने जैसी काल्पनिक घटनाओं के आधार पर राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया.

कई विभागों ने किया संयुक्त अभ्यास

मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, जिला पुलिस, अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन की टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. सभी एजेंसियों ने मिलकर आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की प्रक्रिया का अभ्यास किया. इस दौरान स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भी गैस से जुड़ी संभावित दुर्घटनाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई.

Read Also: पलामू जिले के उंटारी रोड प्रखंड में भ्रष्टाचार के आरोपों पर गरमाई सियासत, DC को सौंपा गया ज्ञापन 

खुदाई से पहले देनी होगी सूचना

सीजीडी रांची के डीजीएम (जीए इंचार्ज) प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि गैस वितरण नेटवर्क अत्यंत संवेदनशील होता है. उन्होंने कहा कि शहर में पाइपलाइन के ऊपर प्रत्येक 50 मीटर की दूरी पर रूट मार्कर लगाए गए हैं, जो हाई प्रेशर गैस लाइन की मौजूदगी का संकेत देते हैं. ऐसे स्थानों पर किसी भी प्रकार की खुदाई शुरू करने से पहले संबंधित व्यक्ति को मार्कर पर अंकित फोन नंबर पर सूचना देनी चाहिए या ‘खुदाई एप’ के माध्यम से अनुमति लेनी चाहिए.

गैस रिसाव की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर जारी

सीजीडी रांची के फायर एंड सेफ्टी विभाग के प्रभारी सौरव आनंद ने बताया कि शहर में गैस नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है, इसलिए सामुदायिक जागरूकता बेहद जरूरी है. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं प्राकृतिक गैस पाइपलाइन में रिसाव की आशंका हो तो स्थान की जानकारी के साथ गेल कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1800123121111 पर तुरंत सूचना दें. उन्होंने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए रांची में 24 घंटे दो फायर बाइक और एक इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन तैनात रहते हैं, ताकि किसी भी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *