Click Here
Click Here
Click Here

हजारीबाग: मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी; डीजे और भड़काऊ गीतों पर प्रतिबंध

Hazaribagh: मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में...

hazaribagh dc office

Hazaribagh: मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति एवं विधि-व्यवस्था की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे.

शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के वातावरण में मनाया जाना चाहिए. उन्होंने सभी समुदायों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है.

संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर

उपायुक्त ने छड़वा डैम में लगने वाले मेले समेत अन्य संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए. सभी दंडाधिकारियों और प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा जिला नियंत्रण कक्ष से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा गया.

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल का गठन

बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भड़काऊ सामग्री को लेकर विशेष चिंता जताई गई. उपायुक्त ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल गठित करने का निर्देश देते हुए कहा कि आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो, शॉर्ट्स और तस्वीरों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्री-रिकॉर्डेड भड़काऊ गीतों और डीजे के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा. धार्मिक विद्वेष फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

साइबर थाना रहेगा सक्रिय

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या उकसाने वाली सामग्री पोस्ट अथवा साझा नहीं करने की अपील की. उन्होंने बताया कि निगरानी के लिए साइबर थाना को सक्रिय कर दिया गया है. उन्होंने निर्धारित मार्ग और समय पर जुलूस निकालने, आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने का आग्रह किया. साथ ही पुलिस अधिकारियों को अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर भौतिक सत्यापन करने और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

असामाजिक तत्वों पर होगी कार्रवाई

एसपी ने कहा कि असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 107 और 126 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सभी अखाड़ाधारियों को अपने-अपने ताजिया की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.

जुलूस मार्गों की समस्याओं पर प्रशासन गंभीर

बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने विभिन्न प्रखंडों के जुलूस मार्गों से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा. उपायुक्त और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए.

बिजली, पानी, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था के निर्देश

प्रशासन ने विद्युत विभाग को झूलते तारों को दुरुस्त करने, नगर निगम को पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को जुलूस मार्गों पर पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों और जुलूस मार्गों पर विशेष व्यवस्था करने को कहा गया. स्वास्थ्य सुविधाओं के मद्देनजर सिविल सर्जन को आवश्यक स्थानों पर एंबुलेंस और मेडिकल कैंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जिला नियंत्रण कक्ष में स्वास्थ्य पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया.

हेल्पलाइन नंबर जारी

मुहर्रम के दौरान किसी भी अप्रिय घटना, अफवाह या असामाजिक गतिविधि की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 8002529348 एवं 8002529349 पर दी जा सकती है. वहीं साइबर संबंधी शिकायतों के लिए 9430165939 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है. बैठक में सदर एसडीओ आदित्य पांडेय, बरही एसडीओ जोहन टुडू, बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, सभी एसडीपीओ, प्रशिक्षु आईएएस, सिविल सर्जन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे.

AlsoRead:रांची: प्रेमिका के साथ मिलकर उसकी मां की हत्या करने के आरोपी शाहिद की ABP खारिज

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *