Hazaribagh: शहर में बेहतर जलापूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर नगर निगम ने अपनी पहल तेज कर दी है. छड़वा डैम के निरीक्षण के बाद महापौर अरविन्द कुमार राणा और नगर निगम आयुक्त ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्था में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया. नगर निगम आयुक्त ने कहा कि शहरवासियों को नियमित और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है. इसके लिए जलापूर्ति तंत्र की लगातार निगरानी की जा रही है.
डैम की तकनीकी समस्याओं के समाधान पर जोर
अधिकारियों ने बताया कि छड़वा डैम के गेटों की मरम्मत और अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है. इसका उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देना और भविष्य में जलापूर्ति को अधिक प्रभावी बनाना है. निरीक्षण के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था का भी आकलन किया. कचरा संग्रहण और उसके निष्पादन की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों से कहा गया कि सभी वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और कहीं भी कचरे का जमाव न होने दिया जाए.

अमृत योजना की भी हुई समीक्षा
नगर निगम की ओर से बताया गया कि अमृत योजना के तहत संचालित जलापूर्ति परियोजनाओं की भी समीक्षा की जा रही है. लक्ष्य है कि शहर के प्रत्येक घर तक पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा सके. नगर निगम प्रशासन ने कहा कि आने वाले दिनों में जलापूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी अभियान जारी रखा जाएगा, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें.
ALSO READ : झारखंड के सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी इलाज बेहतर बनाने की तैयारी, 30 डॉक्टरों को मिलेगी विशेष ट्रेनिंग


