Chaibasa: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे और आंदोलनकारी एएनएम कर्मियों की मांगों का समर्थन किया. लंबित वेतन एवं प्रोत्साहन राशि की मांग को लेकर एएनएम एवं सहिया अनिश्चितकालीन धरना पर बैठी हुई हैं. पूर्व सीएम ने इस दौरान आंदोलनरत स्वास्थ्यकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके संघर्ष को जायज बताते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. धरनास्थल पर एएनएम और सहियाओं ने पूर्व मुख्यमंत्री को बताया कि लंबे समय से वेतन एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कई बार संबंधित विभाग एवं अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है.
यह भी पढ़ें: चाईबासा: एसीसी झींकपानी प्लांट का प्रशासनिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण, श्रमिकों में जगी उम्मीद

स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में एएनएम एवं सहियाओं की भूमिका अहम
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में एएनएम एवं सहियाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. कोविड काल सहित विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों में इन कर्मियों ने निस्वार्थ भाव से कार्य किया. ऐसे में उनकी जायज मांगों की अनदेखी करना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित विभाग को शीघ्र पहल करते हुए लंबित वेतन एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि स्वास्थ्यकर्मियों को राहत मिल सके और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों. उन्होंने आंदोलनरत कर्मियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को उचित मंच तक पहुंचाने और समाधान के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे. इस अवसर पर कई सामाजिक कार्यकर्ता, स्वास्थ्यकर्मी एवं स्थानीय लोग भी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय में PG नामांकन के लिए 24 जून से आवेदन शुरू


