Palamu : सदर मेदिनीनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 19 वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ वर्ष 2007 में आपसी विवाद को लेकर गोतिया परिवार के साथ मारपीट करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था. जानकारी के अनुसार, मामले में आरोपी को न्यायालय से सजा भी हो चुकी थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर मौजूद है. इसके बाद सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कौड़िया स्थित तेलियाबांध गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू मियां उर्फ सफदर आलम, पिता असीम मियां, निवासी तेलियाबांध, कौड़िया के रूप में हुई है. इस कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी के नेतृत्व में सहायक अवर निरीक्षक नबी अंसारी, जवान अनूप कुमार, सायूब अंसारी तथा गृह रक्षा वाहिनी के चालक अविनाश तिवारी शामिल थे. सदर थाना प्रभारी ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से लंबित मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.

Also Read : रिम्स की जमीन बेचने वाले पावर होल्डर प्रमोद कुमार को अग्रिम बेल देने से ACB कोर्ट का इनकार


