Palamu : इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए झामुमो नेता रंजीत जायसवाल ने एक युवक की जान बचायी. खेंद्रा खुर्द निवासी 32 वर्षीय मनोज सिंह चार दिन से अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा था. दरअसल, मनोज सिंह को गंभीर हालत में मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज, डाल्टनगंज में भर्ती कराया गया था. जांच में उसके शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर मात्र 3 ग्राम निकला. डॉक्टरों ने तुरंत 4 यूनिट ब्लड चढ़ाने की सलाह दी. चार दिन बीत जाने के बाद भी ब्लड का इंतजाम नहीं हो पाया. जिससे, मरीज की हालत लगातार बिगड़ने लगी थी. इसी दौरान मामले की जानकारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के महानगर अध्यक्ष सह जिला परिषद प्रतिनिधि रंजीत जायसवाल को मिली. सूचना मिलते ही वे बिना देरी किए अस्पताल पहुंचे और मरीज मनोज सिंह से मुलाकात की.
ब्लड डोनेट कर की व्यवस्था
मरीज की गंभीर हालत देखकर रंजीत जायसवाल सीधे सदर अस्पताल डाल्टनगंज के ब्लड बैंक गए और खुद रक्तदान कर मरीज के लिए पहली यूनिट ब्लड की व्यवस्था की. इतना ही नहीं, अपने संपर्कों से बात कर बाकी 2 से 3 यूनिट ब्लड का इंतजाम करने में भी जुटे हैं. स्थानीय लोगों और अस्पताल स्टाफ ने रंजीत जायसवाल के इस कदम को सराहा.

ALSO READ : झारखंड की जेलों में पूर्व सैनिकों के लिए सीधी बहाली: 186 पदों पर ‘वॉक-इन इंटरव्यू’ 3 सितंबर को


