Jamtara: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई. उपायुक्त ने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने तथा ओवरस्पीडिंग और ट्रिपल राइडिंग पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने सभी अनाधिकृत स्पीड ब्रेकरों को हटाने तथा आवश्यक स्थानों पर नियमानुसार गति अवरोधक लगाने का निर्देश दिया.
नाबालिग छात्रों के अभिभावकों की काउंसिलिंग करने का निर्देश
बैठक में विद्यालयों के नाबालिग छात्रों द्वारा बाइक और स्कूटी चलाने के मामलों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई. उपायुक्त ने ऐसे छात्रों की पहचान कर उनके अभिभावकों की काउंसिलिंग करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने जिले के सभी उच्च विद्यालयों में रोड सेफ्टी क्लब गठित करने, शहरी क्षेत्रों में पार्किंग स्थल चिन्हित करने तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित साइनेज लगाने के निर्देश भी दिए. साथ ही हिट एंड रन के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन और सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों को आईआरएडी पोर्टल पर समय पर अपडेट करने को कहा.

578 वाहनों की जांच
बैठक में बताया गया कि हाल के वाहन जांच अभियान के दौरान 578 वाहनों की जांच कर विभिन्न मामलों में 11.69 लाख रुपये का ऑनलाइन चालान किया गया है. वहीं ओवरस्पीडिंग और अन्य नियम उल्लंघन के मामलों में 24 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1.56 लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई है.


