Chaibasa: मोहर्रम जुलूस की पूर्व संध्या पर गुरुवार शाम 6:00 बजे नोवामुंडी थाना परिसर से अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) जगन्नाथपुर अरुण उरांव के नेतृत्व में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना था. इस दौरान बीडीओ पप्पू रजक, इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी, अखिलेश कुमार सिंह, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर राजीव रंजन, बलराम महतो, राजेंद्र प्रसाद मंडल, सुरेंद्र कुमार मांझी, सुशील सिंह सहित जिला पुलिस बल के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से की अपील
फ्लैग मार्च नोवामुंडी थाना से निकलकर रेल फाटक, मुख्य मार्ग, स्टेशन रोड, संग्रामसाई होते हुए आजाद बस्ती तक पहुंचा. पूरे मार्ग में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की. एसडीओ अरुण उरांव ने कहा कि मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा. प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार है.

सोशल मीडिया पर प्रशासन की रहेगी विशेष निगरानी
बीडीओ पप्पू रजक ने कहा कि नोवामुंडी क्षेत्र के लोग हमेशा से सभी पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाते आए हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि आगे भी यही परंपरा कायम रहेगी. थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा, कि किसी भी प्रकार के भड़काऊ नारेबाजी, अफवाह या सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं गलत सूचना प्रसारित करने से बचें. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की विशेष निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन ने सभी समुदायों के लोगों से सहयोग की अपील करते हुए मोहर्रम का पर्व शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाने का आह्वान किया.
यह भी पढ़ें: गिरिडीह: बिजली संकट पर सक्रिय हुआ केसीसीआई, विद्युत अधिकारियों संग बैठक में हुई कई मुद्दों पर चर्चा


