गिरिडीह: बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में मंगलवार सुबह हिस्सेदारी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और मारपीट के दौरान एक-दूसरे के घरों में आग लगा देने का भी आरोप लगाया गया. सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशामक दल को बुलाया गया. अग्निशामक दल के पहुंचने के बाद झोपड़ीनुमा मकान में लगी आग को बुझाया गया.

मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों से दर्जनभर लोग घायल हुए हैं. घायलों में एक पक्ष से महिला समेत सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें मंटू साव, मितन साव, उनकी पत्नी बबीता देवी, पुत्र गोविंद साव, फूलचंद साव, गुलटन साव और विकाश साव शामिल हैं. इनमें फूलचंद साव के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं दूसरे पक्ष से टुनटुन साव, विष्णु साव, अमृत साव समेत करीब पांच लोग घायल हुए हैं. एक पक्ष के घायलों को इलाज के लिए बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरे पक्ष के घायलों का इलाज गिरिडीह के एक अस्पताल में कराया जा रहा है.
बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच हिस्सेदारी के बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. घटना की सुबह पहले पक्ष के गुलटन साव समेत अन्य लोग विवादित जमीन पर मकान बनाने के लिए नींव की खुदाई कर रहे थे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोचन साव और अन्य लोगों ने जमीन का बंटवारा होने के बाद ही मकान बनाने की बात कहते हुए खुदाई का काम रोक दिया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया.
दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी भी हुई. मारपीट के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के घरों में आग लगा देने का आरोप लगाया है. सूचना मिलने पर बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने अग्निशामक सेवा को बुलाकर झोपड़ीनुमा मकान में लगी आग को बुझवाया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा.
घटना की गंभीरता को देखते हुए बेंगाबाद थाना प्रभारी Jitendra Kumar Singh अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि जमीन विवाद के कारण दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है. कई लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज कराया जा रहा है. मारपीट के दौरान आगजनी की घटना भी सामने आई है. फिलहाल एक पक्ष के पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दूसरे पक्ष के लोगों को हिरासत में लेने के लिए पुलिस टीम गिरिडीह भेजी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.

