Palamu: जिले में 28 जून से राष्ट्रीय पोलियो उन्मूलन अभियान शुरू होगा. अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 3,97,521 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है. इसकी जानकारी सिविल सर्जन ने प्रेस वार्ता के दौरान दी.
उन्होंने बताया कि भारत को पोलियो टाइप-1, टाइप-2 और टाइप-3 वायरस से मुक्त घोषित किया जा चुका है. हालांकि, पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं. ऐसे में वायरस की दोबारा वापसी रोकने और हर्ड इम्युनिटी बनाए रखने के लिए सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाना जरूरी है.

पहले दिन बूथों पर, फिर घर-घर जाकर पिलाई जाएगी दवा
सिविल सर्जन ने बताया कि अभियान के पहले दिन 28 जून को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बनाए गए बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा दी जाएगी. वहीं 29 और 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगे.
अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 3,763 टीम सदस्यों की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी टीमों का रोडमैप तैयार कर लिया गया है और पोलियो वैक्सीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) तक पहुंचा दी गई है. सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक दवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है.
निगरानी के लिए विशेष टीम गठित, पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है वैक्सीन
अभियान की निगरानी के लिए ब्लॉक और जिला स्तर पर पर्यवेक्षक टीम गठित की गई है. इसके अलावा WHO की सर्विलांस टीम भी अभियान की निगरानी करेगी. सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में पोलियो अभियान के लिए 24,170 वायल वैक्सीन उपलब्ध हैं, जिससे निर्धारित लक्ष्य के अलावा करीब 85 हजार अतिरिक्त बच्चों को भी पोलियो की खुराक दी जा सकती है.
उप विकास आयुक्त ने अभियान का उद्घाटन जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराने का निर्देश दिया है. साथ ही समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और स्वयं सहायता समूहों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की गई है.
ALSO READ: East Railway आसनसोल मंडल द्वारा डिजिटल टिकटिंग अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया


