Bengal Elections: मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों की मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बंगाल विधानसभा चुनाव में राज्य के 6,000 से ज्यादा ऐसे वोटर हिस्सा लेंगे जिनकी उम्र 100 साल पार कर चुकी है. इसके साथ ही 18 से 19 साल के 5.23 लाख नए वोटर पहली बार अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे. राज्य में 20 से 30 साल के बीच के लगभग 1.31 करोड़ युवा वोटर हैं.

चुनाव में युवाओं की भागीदारी पर जोर
चुनाव आयोग ने इस बार युवाओं की भागीदारी पर खास जोर दिया है. हर विधानसभा क्षेत्र में विशेष पंजीकरण अधिकारी तैनात होंगे. ये अधिकारी कॉलेजों में जाकर युवाओं को चुनाव से जोड़ने के लिए अभियान चलाएंगे. आयोग का मकसद एक शुद्ध वोटर लिस्ट तैयार करना है ताकि कोई भी योग्य वोटर छूट न जाए और किसी गलत व्यक्ति का नाम शामिल न हो.
सभी बूथों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग होगी
पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में से 210 सामान्य हैं, जबकि 68 अनुसूचित जाति और 16 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं. राज्य में कुल 80,000 से ज्यादा पोलिंग स्टेशन होंगे, जिनमें से 61,000 ग्रामीण इलाकों में हैं. चुनाव में पूरी पारदर्शिता रखने के लिए सभी बूथों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग होगी. चुनाव आयोग के अधिकारी इसकी कड़ी निगरानी करेंगे.
इस बार ईवीएम पर उम्मीदवारों की रंगीन फोटो होगी
महिलाओं की सुविधा के लिए 8,000 से ज्यादा पोलिंग स्टेशन पूरी तरह महिला स्टाफ मैनेज करेगा. इनमें से 600 को मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाया जाएगा. इस बार ईवीएम पर उम्मीदवारों की रंगीन फोटो होगी ताकि वोटर आसानी से अपने पसंदीदा उम्मीदवार को चुन सकें. भीड़ से बचने के लिए एक बूथ पर 1,200 से ज्यादा वोटर नहीं होंगे. पोलिंग स्टेशन के बाहर मोबाइल फोन जमा करने की सुविधा भी मिलेगी.
एक ही एप में मिलेगी सारी जानकारी
चुनाव आयोग ने ‘ECINET’ नाम का एक नया एप भी पेश किया है. पहले के अलग-अलग ऐप्स की जगह अब सारी जानकारी इसी एक ऐप पर मिलेगी. बीएलओ घर-घर जाकर वोटर स्लिप देंगे, जिसमें बूथ की पूरी जानकारी होगी. राज्य में चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है.

