Ranchi: रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक हथियारबंद अपराधी को गिरफ्तार किया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि कुटियातु स्थित 89-आर्मी ग्राउंड के पास कुछ अपराधी बैठकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की, जहां पुलिस को देखते ही दो लोग भागने लगे. पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा.
तलाशी के दौरान क्या-क्या बरामद किया गया?
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. खालिद उर्फ खालिद बंगाली उर्फ चुजा (26 वर्ष), निवासी गढ़ाटोली, गौसनगर, रांची के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, दो जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. पुलिस के मुताबिक आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं. पूछताछ में उसने 10 जून को सामलौंग स्थित अराफात अपार्टमेंट के पास मो. शमसेर आलम पर हुई गोलीबारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के चलते गोलीकांड को अंजाम दिया गया था. मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.



