Ranchi: झारखंड में मानसून अब धीरे-धीरे सक्रिय होता नजर आ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन होने की प्रबल संभावना है. मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी चेतावनी जारी की है.
सतर्क रहने की दी गई सलाह
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून से 2 जुलाई के बीच झारखंड के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य झारखंड के कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें. तेज हवा और बारिश के समय अनावश्यक यात्रा न करें. वहीं किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है.

रांची में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी अगले पांच दिनों तक मौसम सुहाना बना रहेगा. आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस अवधि में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी.
राज्य में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई
हालांकि, मानसून की रफ्तार बढ़ने के बावजूद राज्य में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है. 1 जून से 28 जून के बीच झारखंड में सामान्य 170.3 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 65.5 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 62 प्रतिशत कम है. सबसे अधिक वर्षा की कमी गढ़वा (-99%), साहिबगंज (-98%) और चतरा (-90%) में दर्ज की गई है.


