Ranchi: राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं. सोमवार को जगन्नाथपुर थाना परिसर में मेला ठेका (टेंडर) की ओपन बिडिंग कराई गई. इस वर्ष ठेका की न्यूनतम बोली 1.05 करोड़ रुपये निर्धारित की गई थी, लेकिन कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद RS Enterprises ने 2 करोड़ 27 लाख 21 हजार 112 रुपये (₹2,27,21,112) की सर्वाधिक बोली लगाकर मेला संचालन का ठेका अपने नाम कर लिया. यह राशि न्यूनतम निर्धारित बोली से दोगुनी से भी अधिक है, जिससे साफ है कि इस बार मेले को लेकर ठेकेदारों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. अब RS Enterprises मेले में दुकान आवंटन, स्टॉल, झूले, पार्किंग और अन्य व्यावसायिक व्यवस्थाओं का संचालन करेगा.
यह भी पढ़ें: भाजपा के 12 साल का काला चिट्ठा लेकर गरजे सुप्रियो भट्टाचार्य, मोदी सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

2025 में मात्र 51.51 लाख रुपये में मेला का ठेका
दिलचस्प बात यह है कि इसी RS Enterprises को पिछले वर्ष यानी 2025 में मात्र 51.51 लाख रुपये में मेला का ठेका मिला था, जबकि इस बार कंपनी ने करीब 1.76 करोड़ रुपये अधिक की बोली लगाकर दोबारा ठेका हासिल किया है. इससे इस बार मेले के कारोबार और संभावित आमदनी को लेकर बढ़ी उम्मीदों का भी संकेत मिलता है.
पिछले चार वर्षों में मेला ठेका की स्थिति
2023: 75 लाख रुपये में मेला का ठेका.
2024: रिकॉर्ड 1.92 करोड़ रुपये में ठेका, जो उस समय सबसे बड़ी बोली थी.
2025: केवल 51.51 लाख रुपये में ठेका.
2026: नया रिकॉर्ड बनाते हुए 2.27 करोड़ 21 हजार 112 रुपये में RS Enterprises को ठेका मिला.
2026 की बोली ने 2024 के 1.92 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है. लगातार बढ़ती प्रतिस्पर्धा से यह माना जा रहा है कि इस वर्ष जगन्नाथपुर रथ मेला पहले से अधिक भव्य होगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं व पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: जब प्रभु ने भक्तों को दिया अंतिम दर्शन, अब 15 दिनों के ‘एकांतवास’ में रहेंगे जगन्नाथ


